संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। दीवाली से दो दिन पहले गांव बहमण दीवाना में स्थित एक पटाखे के गोदाम को लूटने के मकसद से गोदाम के चौकीदारों पर जानलेवा हमला करने वाले छह लोगों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने सुरक्षाकर्मी की छीनी गई 12 बोर की दोनाली राइफल व लोहे की कही बरामद की है। हालांकि, इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
वीरवार को एसएसपी जे इलेनचेलियन ने बताया कि 23 अक्तूबर 2020 की रात को गांव बहमण दीवाना में स्थित राम ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम को लूटने की नीयत से छह से ज्यादा अज्ञात लोगों ने गोदाम के चौकीदार मंगत राम व महिंदर सिंह निवासी बहमण दीवाना ने तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था और चौकीदार महिंदर सिंह से 12 बोर की दोनाली राइफल छीनकर फरार हो गए थे।
इस घटना के बाद थाना सदर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी थी। एसएसपी ने बताया कि मामले को ट्रेस करने के लिए डीएसपी देहाती नरिंदर सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने मामले की पड़ताल करते हुए आरोपी गुरजीत सिंह, राम दित्ता सिंह, करनवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, परविंदर सिंह व शिवम निवासी गांव बहमण दीवाना को गिरफ्तार कर उनके पास से चौकीदार से छीनी गई 12 बोर की दोनाली राइफल बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह गोदाम में पड़े सामान को लूटने के मकसद से दाखिल हुए थे।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों में शामिल गुरजीत सिंह पर पहले से नशा तस्करी व मारपीट के दो मामले दर्ज हैं, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी होनी बाकी है।