बरनाला। थाना सिटी बरनाला के तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह पर नजदीकी गांव मूम डेरे के महंत रमेशरदास ने डीसी तेजप्रताप सिंह फूलका के नाम पर एक लाख दो हजार रुपये का आईफोन रिश्वत के तौर पर लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीसी व एसएसपी को लिखित शपथ पत्र देकर शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता डेरा मूम के महंत रमेशरदास ने शिकायत व शपथ पत्र की कापी मीडिया को देते हुए कहा कि उनकी जमीन का मामला डीसी की कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में थाना सिटी-1 के तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह की उनसे मुलाकात हुई। उसने कहा कि डीसी बरनाला रिश्वत लेकर काम करते हैं। उनके बेटे का जन्मदिन है, डीसी ने आपके काम के लिए बेटे के जन्मदिन पर महंगा आईफोन मांगा है, जिसके बाद आपका काम हो जाएगा। डेरे के महंत रमेशरदास ने कहा कि वह इंस्पेक्टर की बातों में आ गया, क्योंकि उसने उसके सामने डीसी के पीए से फोन पर पूछा कि डीसी साहिब कौन सा आईफोन मांगते हैं, इसको बताओ, उनको मिल जाएगा। महंत ने बताया कि उन्होंने एक लाख दो हजार का आईफोन लाकर इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह को सौंप दिया। लेकिन उसका काम नहीं हुआ, वह अपने काम के लिए लगातार इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल के पास चक्कर काटता रहा। आखिर में जब उसने कहा कि वह उसकी शिकायत करेगा तो उसने कांग्रेस नेता व पूर्व एमसी सुखी की हाजिरी में उसे 50 हजार रुपये वापस कर गया और बाकी 52 हजार रुपये 15 दिन में देने को कहा। आरोपी अब उसे धमका रहा है, जिसके बाद उसने इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह की शपथ पत्र देकर डीसी तेज प्रताप सिंह फूलका व एसएसपी संदीप गोयल से शिकायत की है। डीसी तेजप्रताप सिंह के अनुसार उन्होंने मामले में कार्रवाई के लिए एसएसपी संदीप गोयल को शिकायत भेज दी है। वहीं एसएसपी गोयल ने जांच के आदेश दिए हैं। इस बारे में संपर्क करने पर इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह ने कहा कि उसने डीसी के नाम पर किसी से कोई रिश्वत या आईफोन नहीं लिया है।