ठगी का शिकार बनाने के लिए ढूंढ़ा नया तरीका
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस ने कहा - फ्राॅड काॅल थी
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। शातिर ठगों ने राकेश कुमार के परिवार से एक अज्ञात नंबर से फोन करके डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी मांगी। फोन करने वाले ने कहा कि उनका बेटा शिवम किसी बड़े गैंगस्टर के साथ पकड़ा गया है। अगर उसे छुड़ाना है तो 15 मिनट में उनके खाते में डेढ़ लाख रुपये जमा करवा दें।
हद तो तब हो गई जब उक्त ठगों ने शिवम बने एक युवक से पाकिस्तान के नंबर से उनकी बात भी करवा दी। शिवम बने युवक ने बिलकुल उसी आवाज में रोते हुए बताया कि उसे पुलिस ने पकड़ लिया है और उसके बाद उसकी आवाज सुनाई नहीं दी। इस बात की चर्चा पूरे शहर में आग की तरह फैली और लोग भारी संख्या में उक्त परिवार के घर जमा हो गए। तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। दरअसल शिवम नंगल नगर काउंसिल में नौकरी करता है और सुबह घर से अपने दफ्तर गया था और उसका मोबाइल साइलेंट मोड पर होने व चार्ज पर लगा होने के कारण उससे उसके परिजनों की बात नहीं हो रही थी और परिवार को किसी अनहोनी का डर सताने लगा, लेकिन जब थोड़ी देर बाद शिवम ने फोन उठाया तब परिवार की जान में जान आई। रंगदारी मांगने के लिए आई फोन कॉल के बाद तो शिवम की माता का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई कुलविंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और मामले के हल करवाने में अहम रोल अदा करते हुए लोगों से ऐसे फ्राॅड काॅल से बचने और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को देने की अपील की।
नंगल में इस तरह की फ्राॅड काॅल का यह दूसरा मामला है। नंगल नगर काउंसिल के चेयरमैन संजय साहनी के छोटे भाई राजन साहनी ने बताया कि लगभग एक महीना पहले ही पुराना गुरुद्वारा के एक डाॅक्टर प्रदीप गुलाटी को भी इसी तरह की काॅल आई थी और जब उनको फोन आया उस समय उनका डॉक्टर बेटा मरीज चेक कर रहा था और फोन नहीं उठा पाया था तब परिजन चिंता में पड़ गए, तब भी उनके समझाने पर उसने पैसे नहीं दिए थे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विदेशी नंबर से आने वाले किसी भी फ्राॅड काॅल पर यकीन करने से पहले पुलिस से संपर्क करने की अपील की ताकि किसी बड़ी ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।
फोटो-१३ एनजीएल ०३-शिवम का माता सरिता को ढांढस बंधाते लोग।
फोटो-१३ एनजीएल ०४- सरिता के बयान दर्ज करते जांच अधिकारी एएसआई कुलविंद्र सिंह।