चंडीगढ़। पंजाब स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल की हालिया बैठक में प्रदेश के पांच ट्रामा केयर सेंटरों के आधुनिकीकरण के लिए 66 लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने की, जिसमें अन्य सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधित मुद्दों पर भी अधिकारियों व सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में 35 एएलएस एंबुलेंसों के लिए 14 करोड़ रुपये 31 मार्च, 2026 तक जारी करने का फैसला भी किया गया। साथ ही ई-डार प्रोजेक्ट को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग के जांच अधिकारियों को 415 स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में ब्लैक स्पॉट की रेक्टीफिकेशन, रोड एक्सीडेंट प्रभावितों को मुफ्त इलाज, हिट एंड रन पीड़ितों को लाभ और फरिश्ते स्कीम जैसी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, इंटरसेप्टर्स, रिकवरी वैन और एल्कोमीटर जल्द से जल्द खरीदने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रोड सुरक्षा और कानून प्रवर्तन में सुधार हो सके। परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने और आपात चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से इन परियोजनाओं को समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरा करने का निर्देश भी दिया। ब्यूरो