कृपया अपने हथियार घर पर छोड़कर शादी में आएं। यह शब्द सुनने में जरूर अटपटे लगते होंगे, लेकिन शादी समारोह में शामिल होने वाले लोगों की ओर से साथ हथियार लेकर आने के बढ़ रहे प्रचलन को रोकने के लिए जैैतो निवासी एक परिवार ने पहल की है। इसको लोगों व रिश्तेदारों की ओर से सराहा गया है ।
जैतो निवासी डॉ. अवतार जीत सिंह के पोते जगमीत सिंह की 23 मार्च को शादी है। उनकी ओर से शादी में हथियार लाने व उपयोग करने पर पूर्ण तौर पर मनाही की है। इसके तहत उन्होंने अपने पोते की शादी के कार्ड के नीचे एक विशेष रूप में नोटिस दिया है कि कृपया कर अपना असला घर छोड़कर आइए।
डॉ. अवतार जीत सिंह का कहना है कि शादी समारोह में अकसर ही लोग हथियार लेकर आ जाते हैं। खुशी के माहौल के दौरान कई बार गोली चलने से किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने कुछ समय पहले एक समाचार पत्र में खबर पढ़ी थी कि शादी समारोह में खुशी में चलाई गई गोली से एक छोटी बच्ची की मौत हो गई।
उसी दिन से उन्होंने मन बनाया कि अब उनके बच्चों की या किसी भी रिश्तेदार के बच्चों की शादी होगी तो वे अपने रिश्तेदारों व दोस्तों को इस प्रचलन के प्रति जागरूक करने के लिए शादी समारोह में हथियार न लेकर आने की अपील करेंगे।