मंडी गोबिंदगढ़। मंडी गोबिंदगढ़ में 22 मार्च को 24 वर्षीय लड़की से हुए सामूहिक दुष्कर्म का मामला गरमाता जा रहा है। इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने एसएसपी खन्ना को पत्र जारी कर वारदात की रिपोर्ट तीन दिन में भेजने को कहा है, साथ ही इस घिनौने अपराध की जांच किसी सीनियर अधिकारी से करवाने को कहा है। आयोग ने पत्र में महिलाओं के लिए पंजाब राज्य कमीशन एक्ट 2001 के तहत युवती से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का कड़ा संज्ञान लेते हुए जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा है। उधर, मामले में मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस ने गैंगरेप में शामिल दो आरोपियों राजिंदर सिंह व मंगा सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर अमलोह की अदालत में पेश किया था, जिनका दो दिन का रिमांड चल रहा है। जांच कर रहे एएसआई मोहन सिंह ने बताया कि बाकी आरोपियों के ठिकानों पर दबिश जारी है।