मौसम विभाग ने एक पत्र भेजकर अलर्ट जारी किया है कि आने वाले दो दिनों में पंजाब में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसको लेकर मौसम विभाग के अधिकारी भी चौकस हो गए हैं।
मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि 11 मार्च शाम से लेकर 13 मार्च तक पंजाब में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। उनके अनुसार उक्त पत्र में बताया गया है कि बारिश 11 एमएम से लेकर 18 एमएम तक बारिश होगी। इसके अलावा बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। विभाग की ओर से भेजे गए पत्र ने प्रदेश के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्योंकि अब गेहूं की फसल पक कर पूरी तरह से तैयार हो चुकी है।
आने वाले कुछ दिनों में किसानों की ओर से फसल की कटाई शुरू की जानी है। मौसम विभाग के अनुसार अगर तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलती हैं तो उक्त गेहूं की फसल धरती पर बिछ जाएगी। इससे प्रदेश के किसानों को बडे़ स्तर पर नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि वे सफेद मक्खी के हमले से बर्बाद हुई कपास की फसल के नुकसान से अभी उबरे ही नहीं हैं कि मौसम विभाग की ओर अलर्ट होने के साथ उनको अब गेहूं की फसल के बारे में चिंता होने लगी है। उनका कहना है कि अगर ऐसा कुछ होता है तो प्रदेश के किसानों को आर्थिक तौर पर बहुत बड़ा नुकसान होगा।