संगरूर में बिना छुट्टी मंजूर कराए विदेश जाने और तीन साल से अधिक समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के आरोप में पटवारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। डिप्टी कमिश्नर रामवीर ने बताया कि उप मंडल मेजिस्ट्रेट धूरी और तहसीलदार धूरी की रिपोर्ट के आधार पर जसप्रीत सिंह पटवारी हलका खेड़ी चहलां तहसील धूरी को बर्खास्त किया गया है। इस पटवारी ने नायब तहसीलदार शेरपुर के पास वर्ष 2016 में जून माह में विभिन्न तारीख के लिए छुट्टी का आवेदन दिया था। छुट्टी के बाद पटवारी ने 25 जुलाई 2016 को ड्यूटी पर हाजिर होना था, लेकिन वह अब तक ड्यूटी पर नहीं आया और न ही अगली छुट्टी के लिए कोई आवेदन दिया। इस तरह यह कर्मचारी 25 जुलाई 2016 से लगातार गैर हाजिर है। तहसीलदार धूरी ने बताया कि पटवारी के घर पर ताला लटका है। उसके पड़ोसियों के मुताबिक पटवारी विदेश में है। कर्मचारी को निजी सुनवाई का अवसर देते हुए 19 अगस्त 2020 को शाम 4 बजे डीसी बरनाला के दफ्तर में आने को पत्र जारी किया गया था, लेकिन वह सुनवाई के लिए भी हाजिर नहीं हुआ। रिपोर्ट और पड़ताल के आधार के बाद पटवारी जसप्रीत सिंह को उसकी नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया।