गांव बोपाराय में गुरुवार सुबह एक कार से बुड्ढा दल के 28 वर्षीय निहंग हाकम सिंह उर्फ हैप्पी का शव मिला। परिजनों के अनुसार, ड्रग ओवरडोज से उसकी मौत हुई। शव उसके घर के बाहर खड़ी कार की पिछली सीट पर मिला। मृतक के साथ रहे परमजीत सिंह व जसविंदर सिंह ने बताया कि एक अन्य साथी मनजिंदर सिंह सहित वह चारों बीते हफ्ते बठिंडा की तरफ घूमने गए थे।
बुधवार शाम को लौटते समय वह गांव पंडोरी निवासी लाली दोस्त के यहां गए थे। हैप्पी और लाली को छोड़कर बाकी तीनों ने तीन बोतल शराब पी। हैप्पी और लाली ड्रग्स लेने के आदी थे, इसलिए वह कार में नशा लेने चले गए। जब वह दोनों लौटे तो हैप्पी कार की पिछली सीट पर बेसुध पड़ा था। इसके बाद परमजीत वहां से पैदल ही अपने गांव की तरफ चल पड़ा।
यह भी पढ़ें- इन एप से रहें सावधान! पुलिस को जारी करनी पड़ी एडवाइजरी, वरना बैंक खाता हो जाएगा खाली
मनजिंदर ने कार से पहले जस्सा सिंह को उसके गांव मंडियाणी छोड़ा, उसके बाद हैप्पी के घर के बाहर कार खड़ी कर खुद घर आकर सो गया था। सरपंच लखबीर सिंह ने बताया कि मृतक की बकरियां चराने वाले सुक्खा की गुरुवार रात ढाई बजे आंख खुली तो उसने देखा कि हैप्पी की कार घर के बाहर खड़ी है।
उसने कार के पास जाकर देखा तो हैप्पी कार की पिछली सीट पर पड़ा था। उसने तुरंत हैप्पी के ताया मलकीत और चाचा गुरमेल को इसकी सूचना दी। थाना सुधार पुलिस ने मृतक के ताया के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
सरपंच के अनुसार, हैप्पी नशा करने का आदी था। वहीं एसएमओ डॉ. नीना नाकरा ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम डॉ. दीप अरोड़ा और डॉ. प्रीति की टीम ने किया। बता दें कि हाकम सिंह के पिता बहादुर सिंह की करीब तीन साल पहले बरनाला में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।