अब सर्वोच्च अदालत कल करेगी मामले पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई संविधान में संशोधन की सुनवाई स्थगित की
-अब सर्वोच्च अदालत कल करेगी मामले पर सुनवाई
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई के संविधान में सुधार क़ी सुनवाई को एक बार फिर स्थगित कर दिया है। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ ने मंगलवार को यह मामला सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार तक स्थगित कर दिया है। सर्वोच्च अदालत में बीसीसीआई के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों के कार्यकाल में कूलिंग ऑफ पीरियड और कुछ अन्य नियमों में सुधार पर सुनवाई कर रही है।
24 अगस्त को सर्वोच्च अदालत ने कहा था कि जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ बीसीसीआई के नियमों में सुधार की याचिका पर सुनवाई करेगी। अदालत ने कहा था कि जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ उस पीठ से जुड़े थे, जिसने बीसीसीआई के मामले में पहले फैसला सुनाया था। बीसीसीआई की ओर से याचिका दाखिल कर अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों के कार्यकाल में कूलिंग ऑफ पीरियड के नियम में ढील देने की गुहार लगाई गई थी। याचिका में अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह के कार्यकाल को आगे बढ़ाने पर भी निर्देश मांगे गए थे। यह याचिका 2020 में दाखिल की गई थी, तब से इस मामले पर सुनवाई जारी है। गांगुली और जय शाह का कार्यकाल सितंबर, 2022 में समाप्त हो रहा है। 2019 में बीसीसीआई की आम सभा ने अपने संविधान में छह संशोधन प्रस्तावित किए थे। जिसमें अधिकतम छह साल के कार्यकाल के बाद कोई भी पदाधिकारी बोर्ड या राज्य संघ में आगे नहीं बने रह पाएगा, भी शामिल था।