मुक्तसर। जिला मुक्तसर में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव के दौरान जिले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी, जिसमें 1800 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। कुल 49.05 प्रतिशत मतदान हुआ और 389 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में ताल ठोकी। चुनाव परिणाम 17 दिसंबर को घोषित होंगे। सूत्रों के अनुसार, घने कोहरे के कारण मतदान में थोड़ी देरी हुई लेकिन बाद में मौसम साफ होते ही चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। हालांकि गिद्दड़बाहा के बूथ नंबर 21 और 22, बबानियां और मधीर में विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों के भाई और आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगे। इसके बाद बबानियां में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया और आप सरकार तथा जिला प्रशासन पर विपक्षियों पर धक्केशाही का आरोप लगाया। मतदान प्रक्रिया के दौरान गिद्दड़बाहा, मलोट और लंबी में किसी भी तरह की हिंसक घटना नहीं हुई। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि फर्जी वोट डाले गए हैं और चुनाव की निष्पक्षता की जांच होनी चाहिए। जिले में कुल 629 मतदान केंद्र बनाए गए थे, और यहां 5,22,192 मतदाता थे जिनमें 272,766 पुरुष और 249,414 महिलाएं शामिल थीं। संवाद