लुधियाना। नशे की दलदल में फंस रहे पंजाबियों को बचाने के लिए पंजाब सरकार कई तरह के प्रयास करने में लगी है। पंजाब की जवानी लगातार नशे के दलदल में धंसती ही जा रही है। रोजाना नशे की ओवर डोज से पंजाब में कई युवकों की मौत हो रही है। कई लोग अपने बच्चों की जान बचाने के लिए नशे से दूर रखते हैं और वह नशा न मिलने के कारण पागल हो रहे हैं। पंजाब में रोजाना भारी मात्रा में नशा और उसकी तस्करी करने वाले गिरफ्तार किए जा रहे हैं।
इसके बावजूद भी तस्करी नहीं रुक पा रही है। पिछले दस वर्षों में पंजाब में नशा काफी प्रमोट हुआ है और लगातार नशे के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 में सीएम बनने से पहले कसम खाई कि पंजाब को नशे से दूर किया जाएगा, लेकिन मामले बढ़े। हालांकि सरकार की तरफ से नशा रोकने के लिए कई विभाग भी बनाए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब पंजाब में आप की सरकार आई है तो उन्होंने भी नशा खत्म करने की प्रण लिया है। सरकार की तरफ से डीजे साउंड सिस्टम पर समारोह में नशा प्रमोट करने वाले गाने बैन कर दिए हैं। महानगर कमिश्नरेट पुलिस ने तो नोटिस भी जारी कर दिया है कि कमिश्नरेट के अंदर कोई भी साउंड सिस्टम वाला नशा और हथियार प्रमोट करने वाला गाना नहीं चलाएगा। इसके बाद डीजे वालों की दिक्कतें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि उनका काम पूरी तरह से खत्म ही हो जाएगा। सरकार डीजे पर गाने बजाने से रोकने के बजाय शादियों में शराब बंद करा दे तो सारा मसला ही हल हो जाएगा।
गाना नहीं बजाएंगे तो झगड़े बढ़ेंगे और पुलिस का काम भी बढ़ेगा
पंजाब साउंड डीजे एसोसिएशन के प्रधान और लुधियाना साउंड डीजे एसोसिएशन के प्रधान विजय ग्रोवर ने बताया कि सरकार ने यह चीजें तो देखी नहीं कि गीत काफी समय से बनते आ रहे हैं, वह कैसे रुकेंगे। हजारों गीत अभी तक ऐसे आ चुके हैं जो हथियारों और नशे के प्रमोट करते हैं। पहले सरकार उन गानों को रोके। लोगों ने गाने मोबाइल में लोड भी किए हुए हैं। अगर कोई शादी समारोह या कोई अन्य समारोह होता है तो डीजे वाला अगर नहीं भी बजाता तो मेहमान मोबाइल फोन लेकर आ जाता है कि यह गाना चलाओ। सरकार को डीजे वालों के बजाय लोगों को जागरूक करना चाहिए कि वह नशा प्रमोट करने वाले गाने न लगाए। अगर डीजे वाला गाना नहीं लगाएगा तो मेहमान उनके साथ बहस करेगा और झगड़ा होगा, जिससे पुलिस का काम बढ़ेगा। ग्रोवर ने कहा कि एक तरफ तो पंजाब सरकार बात करती है कि नशे को प्रमोट नहीं करना दूसरी तरफ खुद ही समारोह में शराब पिलाने का लाइसेंस देती है। पहले तो वह रोके, लेकिन वह सरकार करेगी नहीं क्योंकि वहां से रेवेन्यू आता है।
गायक अपने गाने में नशे को प्रमोट करना बंद करे, सब खुद ठीक हो जाएगा
संजीव डीजे के मालिक संजीव तांगड़ी ने बताया कि लोग अपनी खुशी के लिए डीजे लगवाते हैं। गाने जो पहले ही आ चुके हैं वह बंद हो नहीं सकते। पहले तो सरकार को चाहिए कि वह गायकों को रोके कि अपने गाने में नशे को प्रमोट न करे। अगर वह प्रमोट नहीं करेंगे तो सब कुछ ठीक हो जाएगा। पहले कोरोना की मार और अब सरकारों के नए-नए फरमान। इससे तो जो बचा हुआ थोड़ा बहुत काम है वह भी बंद हो जाएगा।
कोट -
डीसी पी वरिंदर सिंह बराड़ का कहना है कि आदेश पारित किए हैं नशा प्रमोट करने वाला कोई भी गाना नहीं चलाया जाएगा। यदि चलाया गया तो उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।