संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन समारोह एक बार फिर टल गया है। दिवंगत प्रधानमंत्री डॉॅ. मनमोहन सिंह ने 2007 में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट की परियोजना को हरी झंडी दी थी। अब एयरपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में है। 27 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका वर्चुअल उद्घाटन करने वाले थे लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने हाल ही में इसके उद्घाटन की घोषणा की थी। अभी उद्घाटन की अगली तारीख घोषित नहीं की गई है। इससे निवेशकों और प्रॉपर्टी कारोबारियों के मन में कई तरह की शंकाएं पैदा हो गई हैं। पीडब्ल्यूडी और ठेका कंपनियां निर्माण कार्य पूरा करने में जुटी हैं। सांसद डॉॅ. अमर सिंह बोपाराय जिला सिविल एविएशन कमेटी के चेयरमैन हैं। उन्होंने हैरानी प्रकट करते हुए कहा कि एयरपोर्ट के उद्घाटन के बारे में उन्हें कोई अधिकारिक जानकारी नहीं मिली। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम को सिरे से खारिज कर दिया।