संगरूर। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की अगुवाई में बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा कालाझाड़ में चल रहे धरने में शामिल गांव राजपुरा के गुरुघर के ग्रंथी सिंह भाई कश्मीर सिंह की मौत हो गई। यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष अजैब सिंह लक्खेवाल व जिला प्रचार सचिव जगतार सिंह कालाझाड़ ने बताया कि भाई कश्मीर सिंह काफी समय से टोल प्लाजा कालाझाड़ में धरने पर बैठे किसानों की लंगर सेवा में शामिल थे। 2 फरवरी को वह बीमार पड़ गए और उन्हें इलाज के लिए पटियाला के अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। किसान नेताओं ने टोल प्लाजा कालाझाड़ में धरने दौरान श्रद्धांजलि भेंट की और ग्रंथी सिंह को किसान संघर्ष का शहीद घोषित कर पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।