संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। सिद्धू मूसेवाला कत्ल कांड में काबू किए गए गैंगस्टर दीपक टीनू, चिराग और सुनील कुमार का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को उनका मानसा के सिविल अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाने के बाद मानसा की अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बता दें कि एक अक्तूबर की रात को मानसा पुलिस की कस्टडी से गैंगस्टर दीपक टीनू फरार हा गया था जिसके बाद सीआईए इंचार्ज प्रितपाल सिंह को पुलिस ने बर्खास्त कर गिरफ्तार कर लिया था।
गैंगस्टर दीपक टीनू के फरार होने के बाद पुलिस की कारगुजारी पर सवाल खडे़ होने शुरू हो गए थे वहीं सिद्धू मूसेवाला के परिवार की ओर से भी मानसा पुलिस पर अविश्वास जाहिर किया गया था। आखिरकार दिल्ली के स्पेशल सेल की ओर से राजस्थान के अजमेर से दीपक टीनू को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसको मानसा पुलिस दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मानसा पहुंची थी। इसके बाद गैंगस्टर दीपक टीनू पुलिस रिमांड पर चल रहा था, जिस दौरान उसके फरार होने को लेकर भी पुलिस की ओर से पूछताछ की गई और बर्खास्त प्रितपाल सिंह को लेकर भी जानकारी ली गई। सूत्रों के अनुसार दीपक टीनू ने एसआईटी के पास पूछताछ के दौरान काफी खुलासे किए।
गैंगस्टर दीपक टीनू का शुक्रवार को पुलिस रिमांड खत्म होने पर उसे अदालत में पेश किया गया जहां दीपक टीनू, चिराग और सुनील कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं दीपक टीनू को शुक्रवार को मानसा जिले की सरदूलगढ़ पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले गई, जिसे अदालत में पेश कर उसका 17 नवंबर तक का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।