आरोपियोंं से पिस्तौल व तलवारों समेत कई हथियार व दो बाइक और मोबाइल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। थाना सदर की पुलिस ने चोरी की बाइक पर लुधियाना मोगा हाईवे पर लूटपाट का आतंक मचाने वाले गैंग के चार शातिरों को गिरफ्तार किया है आरोपी हथियारों की नोक पर व्यापारियों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों पर थाना सदर में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी।
आरोपियों की पहचान जगदीप सिंह निवासी नत्थू वाला जदीद मोगा, गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक निवासी दोसाझ रोड मोगा, सुरिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी कोटकपूरा बाईपास मोगा व लखबीर सिंह उर्फ लक्की निवासी साधा वाली बस्ती मोगा के रूप में हुई है। इस मामले संबंधी जानकारी देते हुए एसपी एच मनविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गैंग के शातिर चोरी की बाइक पर रोजाना पेमेंट इकट्ठी कर मोगा से लुधियाना जाने वाले व्यापारियों को हथियार दिखाकर लूटते हैं। इस समय चारों आरोपी गांव गलिब कलां से गांव नया चूहड़चक्क को जाने वाले रास्ते में बंद पड़ी बजरी वाली फैक्टरी में बैठकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए फैक्टरी में दबिश देकर चारों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से देसी कट्टा 12 बोर, दो कारतूस, तलवारें व अन्य हथियारों समेत चोरी की दो बाइक और लूटे हुए तीन मोबाइल भी बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड हासिल कर लिया।
आरोपी जगदीप पर पहले भी दर्ज है केस
थाना सदर के इंचार्ज अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी जगदीप पर पहले भी चोरी का केस दर्ज है और वह जमानत पर जेल से बाहर आकर फिर से चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने लगा। इस दौरान आरोपी ने अपने साथ और लोगों को जोड़कर गैंग बना लिया। आरोपी मोबाइल इत्यादि लूटने के साथ मोगा से लुधियाना जाने वाले व्यापारियों को रास्ते में रोककर हथियारों की नोक पर लूटपाट करने लगे थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और इसकी पूर्ति के लिए लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।