हलवारा (लुधियाना)। एयरफोर्स स्टेशन हलवारा में बनने जा रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की चारदीवारी की नींव पत्थर मंगलवार को सांसद अमर सिंह ने रखा। इस मौके पर डीसी वरिंदर शर्मा, गलाडा एसीए भूपिंदर सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके सरां सहित कई लोग मौजूद थे। सांसद अमर सिंह ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने निजी तौर पर दिलचस्पी दिखाते केंद्र सरकार से बात की। जिसका नतीजा है कि अब इस योजना पर काम होना शुरू हो चुका है। यह एयरपोर्ट हलवारा के साथ रायकोट एरिया में विकास की लहर चलेगी। युवाओं को नौकरी मिलेगी, वहीं रोजगार के अन्य संसाधन पैदा होंगे। एयरपोर्ट टर्मिनल के लिए पहुंच मार्ग और चारदीवारी पहले पड़ाव की तरह होते हैं। यह दोनों कार्य ही शुरू हो चुके हैं। लगभग तीन करोड़ रुपये लागत से 2340 मीटर लंबी चारदीवारी का निर्माण होगा। यह काम लगभग छह माह के अंदर पूरा हो जाएगा। वहीं डीसी वरिंदर शर्मा ने कहा कि जैसे ही चारदीवारी और टर्मिनल का कार्य पूरा होता है, वैसे ही यहां से उड़ानों को शुरू किया जाएगा।