बार-बार मांगने के बाद भी पूरा रिकाॅर्ड नहीं दे रहे, अब आठ को दोबारा होंगे पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच का सामना कर रहे हलका गिल से पूर्व कांग्रेसी विधायक कुलदीप सिंह वैद की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। बुधवार को पूर्व विधायक एक बार फिर विजिलेंस के समक्ष पेश हुए। करीब चार से पांच घंटे की पूछताछ के बाद विजिलेंस की टीम ने उन्हें भेज दिया।
विजिलेंस ने पूर्व विधायक वैद से पूरा डाटा और रिकाॅर्ड मांगा था, लेकिन एक बार फिर पूर्व विधायक इसे पेश नहीं कर सके। उन्होंने इस बार भी कागजात न होने की बात की। अब विजिलेंस ने उन्हें दोबारा आठ मई को रिकॉर्ड समेत आने के लिए बुलाया है।
पूर्व कांग्रेसी विधायक कुलदीप सिंह वैद चौथी बार विजिलेंस के समक्ष पेश हुए। पूर्व विधायक से विजिलेंस अधिकारियों ने पूछताछ की और उसके बाद उन्हें जो प्रोफार्मा दिया गया था उसे चेक किया। इससे विजिलेंस अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कई सवाल किए, मगर कुलदीप वैद ने कई सवालों के जवाब ही नहीं दिए। एसएसपी विजिलेंस रविंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि कुलदीप वैद से चार प्लाॅट के कागजात मंगवाए गए थे, लेकिन वह नहीं ला सके।