संवाद न्यूज एजेंसी
समराला। शमशपुर कोऑपरेटिव सोसायटी के गांवों में डीएपी खाद की आपूर्ति न होने से किसानों में भारी रोष है। भारतीय किसान यूनियन (लक्खोवाल) और क्षेत्र के किसानों ने सोसायटी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। किसान नेता गुरमेल सिंह ने बताया कि 11 महीने से सोसायटी को डीएपी खाद नहीं मिली है। इससे शमशपुर, पप्पड़ौदी और नागरा गांवों में गेहूं की बिजाई प्रभावित हो रही है। किसानों को खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत खाद उपलब्ध कराने की मांग की और समाधान न होने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी। सोसायटी सचिव शमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी सोसायटी आलू की फसल श्रेणी में नहीं है। इसी कारण पिछले चार वर्षों से उन्हें कम खाद का कोटा मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आज सोसायटी को डीएपी खाद प्राप्त हुई है।