सरकारी सिविल अस्पताल के स्टाफ में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब ईएसआई के डायरेक्टर जीएस मेहमी ने अचानक अस्पताल में दौरा किया। उनके आने की खबर चंद मिनट पहले ही सिविल सर्जन और सिविल अस्पताल की एसएमओ को मिली। इसके तुरंत बाद सभी अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंच गए। डायरेक्टर ने दौरे के दौरान कई जगहों पर खामियां देखी। सिविल अस्पताल के वार्ड और मदर वार्ड के बाहर गंदा पानी जमा देख वह भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को डांट लगाते हुए कहा कि सीवरेज को जल्द ठीक किया जाए। वहीं जब वह बच्चों के वार्ड गए तो वहां पर रोशनी का उचित प्रबंध नहीं था। उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों को वार्ड में रोशनी का बेहतर प्रबंध करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह कोविड केयर सेंटर व एक्सरे विभाग में गए। जहां पर बिजली की तारें टूटी पड़ी थी और वायरिंग सिस्टम भी खराब था। इसे लेकर भी उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों से कारण पूछा, जिसका अफसर जवाब नहीं दे पाएं।