लुधियाना में कमिश्नरेट पुलिस एक तरफ गैंगस्टर को काबू कर खुद की पीठ थपथपा रही है वहीं गैंगस्टर महानगर में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे है। शुक्रवार की शाम को पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तभ शर्मा ने प्रैस कांफ्रेंस कर गैंगस्टर की गिरफ्तारी की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार पारस अपने दोस्त संदीप के साथ फाइनांस का कारोबार करता था। वह संदीप द्वारा लोगों को फाइनांस किए हुए पैसे की कलेक्शन करता था। दोनों कारोबार भी इकट्ठा करते थे और अच्छे दोस्त भी थे। दस अक्तूबर को संदीप, पारस और उनके दो साथी कचहरी किसी काम से गए थे।
वहां उनकी गैंगस्टर अजय पंडित के भाई राजन पंडित और छोटू जवद्दी नाम के युवक के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद वहां हाथापाई की भी नौबत आ गई थी। मगर वहां पुलिस और लोगों के बीच बचाव के चलते मामला शांत हो गया था। उसके बाद राजन पंडित ने उन्हें धमकियां दी थी कि वह कहीं भी मिलेंगे तो उन्हें मौत के घाट ही उतारा जाएगा।
उसके बाद भी लगातार पारस को धमकियां मिल रही थी। कुछ दिन पहले गैंगस्टर अजय पंडित ने भी पारस को फोन पर जान से मारने की धमकियां दी थी। शुक्रवार की देर रात को पारस अपने दोस्त अभिषेक के साथ एक्टिवा पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था।
रास्ते में हुंदल चौक पर आरोपियों ने दोनों को घेर लिया। तेजधार हथियार से दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए। आरोपियों ने पारस पर ज्यादा वार किए और उसे वहीं मौत के घाट उतार दिया, जबकि अभिषेक को बुरी तरह से घायल कर वहां से फरार हो गए।
संदीप की रंजिश आरोपियों ने निकाली पारस के साथ
बताया जा रहा है कि आरोपी गैंगस्टर अजय पंडित और राजन पंडित की संदीप के साथ पुरानी रंजिश थी। पारस संजीव के साथ रहता था। जिस कारण आरोपी पारस को भी लगातार धमकियां दे रहे थे। आरोपियों ने शुक्रवार को भी संदीप को निशाना बनाना था, लेकिन संदीप की बजाए आरोपियों के हाथ पारस चढ़ गया और उन्होंने पारस को मौत केघाट उतार दिया। सूत्र यह बताते है कि पारस पर हमला करते समय भी आरोपियों ने उसे कहा कि वह संदीप के काफी नजदीक है न तो अब सजा भी भुगते। हालांकि संदीप अकेला कही भी नहीं जाता। संदीप के साथ हमेशा दो से तीन साथी साथ जरुर होते है। जिस कारण संदीप को निशाना बनाना आरोपियों के लिए कुछ मुश्किल था।
पिछले साल ही हुई थी शादी, पत्नी है दो महीने की गर्भवति
बताया जा रहा है कि पारस की शादी नवंबर 2021 में शिवानी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों पति पत्नी अच्छी जिंदगी गुजार रहे थे। पारस की पत्नी दो महीने की गर्भवति थी। पत्नी के गर्भवति होने पर पारस काफी कुछ था। उसने कुछ दिन पहले ही अपने नजदीकी दोस्तों को खुशखबरी दी थी कि वह पापा बनने वाला है, लेकिन उसकी खुशियों को आरोपियों ने ग्रहण लगा दिया। पत्नी बार बार बेसुध हो रही थी। जिस कारण परिवार के सदस्य उसे संभालने में लगे थे। पारस की मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल बना हुआ है। हर कोई पारस के लिए इंसाफ की मांग कर रहा है।
आंखे के पास लगी चोट के कारण हुई पारस की मौत
सिविल अस्पताल में तीन डाक्टरों पर आधारित एक बोर्ड ने पारस के शव का पोस्टमार्टम किया। अस्पताल के सीनियर डॉ. हरप्रीत सिंह, फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. चरणकमल और डॉ. हरप्रीत कौर पर आधारित एक बोर्ड ने पारस के शव का पोस्टमार्ट किया और कई तथ्य बताए। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि आरोपियों ने काफी बुरी तरह से पारस पर तेजधार हथियार से हमला किया है। आरोपियों ने पारस के सिर, मुंह और नाक व आंख के पास हमला किया है। आंखे के पास आरोपियों ने जिस तेजधार हथियार से हमला किया उसी वार से आंख के पास की हड्डी टूटी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
क्या कहते है पुलिस अधिकारी
थाना जमालपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश में छापामारी शुरु कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।