लुधियाना के हलवारा में एक युवक की ट्रेन से कटरकर मौत हो गई। मुल्लांपुर स्थित सुआ रोड निवासी शम्मी कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिला है। पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या मान कर जांच में जुट गई है। मृतक नशे का आदि था और पिछले वर्ष उसके बड़े भाई की भी नशे की वजह से जान चली गई थी।
लुधियाना से फिरोजपुर की तरफ में जा रही सतलुज एक्सप्रेस मुल्लांपुर रेलवे स्टेशन के पास से गुजरी तो ट्रेन के चालक ने पटरी पर शव देखकर तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ जगरांव को मामले की जानकारी दी। आरपीएफ और पंजाब पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शम्मी ने आत्महत्या की है। किन अन्य कारणों से उसकी मौत हुई है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।