आलू की फसल में घाटा होने के बाद कर्ज से परेशान गांव जस्सोवाल के युवा किसान कुलदीप सिंह (23) ने आत्महत्या कर ली।
थाना सुधार के एडिशनल एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि कुलदीप सिंह और तेजिंदर सिंह भाई हैं। पिता दविंदर सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। कुलदीप और तेजिंदर की शादी नहीं हुई थी। खेती से ही वह अपना गुजारा करते रहे। दोनों के पास अपनी दो एकड़ जमीन है। बाकी 17 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेती करते थे। इस बार इन्होंने पांच एकड़ जमीन में आलू बोए थे।
फसल कम निकली और इनको नुकसान हो गया। इससे कुलदीप सिंह कुछ दिनों से परेशान था। सोमवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर से खेत की तरफ गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर भाई तेजिंदर सिंह उसकी तलाश में निकला। जब वह खेत में पहुंचा तो देखा कि कुलदीप तड़प रहा था। कुलदीप ने भाई को बताया कि परेशानी में उसने सल्फास खा ली है।
इसके बाद तेजिंदर उसे उठाकर अस्पताल ले गया। वहां स्थिति काफी गंभीर देखते हुए उसे डीएमसी रेफर कर दिया गया। तेजिंदर के पास उसके इलाज के लिए पैसे भी नहीं थे इसलिए वह अपने भाई को बुधवार सुबह अस्पताल से डाक्टरों की मर्जी के विपरीत छुट्टी करवा कर वापस ले आया। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। एडिशनल एसएचओ का कहना है कि भाई तेजिंदर का कहना है कि उन पर को-आपरेटिव बैंक एवं आढ़ती का कर्ज है। कर्ज की पूरी रकम के बारे में उसे अभी जानकारी नहीं है।