11वीं कक्षा की एक छात्रा को अगवा कर उसके साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। अमलोह पुलिस ने अगवा लड़की के परिवार के बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार लड़की के पिता ने अमलोह पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी 16 साल की लड़की छह फरवरी को स्कूल में पेपर देने गई थी। दोपहर 12.30 बजे पेपर खत्म हो गया था लेकिन वह घर नहीं लौटी। इस पर वह अपने भतीजे के साथ बेटी को ढूंढने निकले।
वह शाम के समय नजदीक के बस स्टैंड पर पहुंचे तो वहां उनकी बेटी मिल गई। उसने बताया कि वह परीक्षा देकर स्कूल से बाहर आई तो प्रगट सिंह निवासी मालेरकोटला ने उसको धक्के से कार में बैठा लिया और उसके साथ रेप किया।
जांच कर रहे एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे उसकी कार के साथ काबू कर लिया है। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता की डॉक्टरी जांच करवाकर परिवार वालों को सौंप दिया गया है।