लुधियाना में बदमाशों ने ताजपुर रोड की भोला कॉलोनी में रहने वाले पंजाबी सिंगर हरबंस सिंह के परिवार पर स्प्रे कर उन्हें गहरी नींद में सुला दिया और अलमारी तोड़ कर 10 लाख रुपये की नकदी और 10 लाख रुपये के जेवरात ले उड़े। घटना का पता उस समय चला जब हरबंस सिंह का परिवार नींद से जागा।
सामान बिखरा और अलमारी से नकदी और अन्य सामान गायब देख परिवार ने इसकी जानकारी थाना डिविजन सात की पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पता चला कि पांच बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने हरबंस सिंह की शिकायत पर मामला दर्जकर लिया है। हरबंस सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पंजाबी गायक है और एक-दो गाने में भी आ चुके हैं। वह परिवार समेत भोला कालोनी में रहता है। 20 जुलाई की रात को वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गया। इसी दौरान देर रात कुछ बदमाशा घर में घुस आए और उन्होंने सो रहे परिवार पर स्प्रे कर उन्हें गहरी नींद में सुला दिया।
इसके बाद आरोपी घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। अगले दिन सुबह जब परिवार को होश आया तो सामान बिखरा देख सब हैरान थे। सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि घर में पांच लोग दाखिल हुए थे जो सामान लूटकर फरार हुए हैं। इसके बाद हरबंस ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की फिराक में है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।