परीक्षा देने जा रही छात्रा की हादसे में मौत, ट्रक चालक फरार
लुधियाना के माता रानी चौक पर शुक्रवार सुबह दुर्घटना में 11वीं की छात्रा रश्मि कुमारी (17) की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने रश्मि और उसके पिता मिथलेश की स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।
ट्रक का पहिया रश्मि के ऊपर से गुजर गया, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिता मिथलेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, एक ई-रिक्शा चालक ने घायल पिता और बेटी को अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन रश्मि ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
रश्मि बिहार के नालंदा जिले के गांव मसिहा की रहने वाली थी और इन दिनों अपने पिता के पास लुधियाना आई हुई थी। वह बिहार में अपनी 11वीं की परीक्षा देने के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे की ट्रेन पकड़ने जा रही थी। सुबह करीब 7:30 बजे जब वह अपने पिता के साथ स्कूटी पर माता रानी चौक पहुंचे, तो अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना खतरनाक था कि रश्मि का पेट बुरी तरह से फट गया और वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ी रही।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली के एएसआई बलराज और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और नंबर के आधार पर मालिक व फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।