पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के लुधियाना में कार सवारों ने एक वकील को सरेआम पीट दिया। स्कूटी पर सवार होकर मॉल रोड से घर की तरफ जा रहे वकील की कार सवारों ने जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने वकील की पगड़ी उतार दी और बाल भी नोच दिए। आरोपी जान से मारने की धमकियां देकर भाग निकले। घटना की सूचना पर थाना डिवीजन आठ की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नूरवाला रोड की पंचशील कॉलोनी इलाके में रहने वाले वकील प्रीतपाल सिंह की शिकायत पर आरोपी वरिंदर सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वकील प्रीतपाल सिंह ने बताया कि वह पांच साल से लुधियाना कोर्ट में वकालत कर रहे हैं। रोजाना की तरह वे शनिवार को अपनी स्कूटी पर कचहरी से मॉल रोड की ओर जा रहे थे। जब वे भारत नगर चौक के पास टेलीफोन एक्सचेंज के नजदीक पहुंचे, तो सफेद रंग की कार ने उन्हें साइड मारी। इसी दौरान कार सवारों ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं।
प्रीतपाल ने बताया कि एक आरोपी ने पहले उसे पीटा। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। पगड़ी उतार कर बाल खींचे। प्रीतपाल सिंह के मुताबिक एक आरोपी ने खुद के पुलिस में होने की धौंस दी। कुछ राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन आरोपी नहीं रुके। इस दौरान वरिंदर सिंह ने धमकी दी कि मेरी गाड़ी में हथियार पड़ा है। जैसे ही कुछ अन्य वकील मौके पर पहुंचे तो आरोपी और उसके साथी कार में बैठकर वहां से भाग गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी वरिंदर और उसके साथी अभी फरार हैं। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।