नशा तस्करी के मामले में सजा काट रही महिला कैदी और एक हवालाती महिला से जेल प्रशासन ने चेकिंग के दौरान मोबाइल बरामद किए हैं।
इससे पहले भी कई बार महिला कैदियों से मोबाइल बरामद हो चुके है। पुलिस ने जांच के बाद जेल सुपरिंटेंडेंट दमनजीत कौर की शिकायत पर पटियाला के गांव छीटा निवासी कैदी लक्ष्मी कौर और नवांशहर के गांव औड़ की रहने वाली हवालाती जसपाल कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों महिलाओं को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी में है।
जेल सुपरिंटेंडेंट दमनजीत कौर ने बताया कि कैदी लक्ष्मी कौर नशा तस्करी के मामले में सजा काट रही है। वह पिछले दिनों जेल विभाग से छुट्टी लेकर गई हुई थी। जब वह वापस आई तो अपने सामान में छिपा कर फोन साथ में ले गई। जब जेल प्रशासन ने कुछ दिन पहले अचानक चेकिंग अभियान चलाया तो आरोपी लक्ष्मी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि हवालाती जसपाल कौर से भी जेल प्रशासन ने मोबाइल बरामद किया है। उन्होंने कहा कि वह पेशी पर गई थी तो अपने पास छिपा कर मोबाइल फोन ले आई। कुछ दिन तो आरोपी महिला ने फोन इस्तेमाल किया लेकिन चेकिंग के दौरान मोबाइल बरामद कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाएगी कि वह दोनों आरोपी फोन कहां से और कैसे लेकर अंदर आई हैं। पुलिस जांच में जुटी हुई है।