गांव फुल्लांवाल के पास मंगलवार को दिनदिहाड़े तीन हमलावरों ने गन प्वाइंट पर स्विफ्ट कार छीन ली और फरार हो गए।
जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख समेत पुलिस टीम पहुंची और जांच शुरू की। लुटेरों की तलाश में आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया है।
जानकारी के अनुसार दुगरी धांधरा रोड की तरफ से स्विफ्ट कार में जगदीप सिंह अपने भांजे बलबीर के साथ फुल्लांवाल जा रहे थे। सामने से गलत साइड पर आ रहे सप्लेंडर बाइक सवार ने कार में टक्कर मारी। जब वह नीचे उतर कर अपनी गाड़ी देखने लगा तभी बाइक सवार के दो और साथी आ गए और कार चालक पर हमला कर दिया। दो हमलावरों ने कार सवारों से मारपीट शुरू कर दी। तीसरे ने कार में बैठ कर एक फायर किया, जो उनके पास से निकल गया।
दो आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए, जबकि तीसरा बाइक पर फरार हो गया। कार चालक जगदीप ने कहा कि उसने तीन दिन पहले ही कार खरीदी थी। लुटेरे कार के अलावा मोबाइल, पर्स में रखे चार हजार रुपये और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।