फोकल प्वाइंट इलाके में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार गुरमेल पार्क के रहने वाले पंकज कुमार (25) को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक फरार हो गया। वहीं मौके पर पहुंचे पंकज के परिजनों ने रोष जताया और रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी किसी की मानने को तैयार नहीं थे। तीन घंटे रोड जाम करने के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने और आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से चले गए। पुलिस ने जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए पंकज का शव सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पंकज कुमार मूल रुप से बिहार के जिला छपरा का रहने वाला था। वह फोकल प्वाइंट फेज चार में स्थित एक फैक्टरी में अकाउंट्स का काम करता था। मंगलवार को वह अपनी बाइक पर किसी काम से जा रहा था। जब वह ग्यासपुरा फाटक के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार ट्राले ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौत से भड़के परिजनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आस-पास के दुकानदारों ने प्रदर्शनकारियों को पुलिस की बात सुनने की बात कही तो प्रदर्शनकारी उनसे भी उलझ गए। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दी। जब पुलिस के आलाधिकारी वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।
किसी तरह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मनाकर वहां से हटाया। थाना फोकल प्वाइंट के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।