एटीएम बदलकर पैसे लूटने वाले एक संदिग्ध को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
रोपड़। भीड़ भाड़ वाले इलाके बेला चौक में एटीएम बदलकर पैसे लूटने की वारदात को अंजाम देने के चक्कर में घूम रहे चार लोगों में से एक व्यक्ति को लोगों ने काबू कर लिया। मलकीत सिंह निवासी गांव मौजली पुर ने बताया कि वह एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने लगा तो चार व्यक्ति उसके पीछे आकर खड़े हो गए और बैंक खाते की स्टेटमेंट निकलवाने पर जोर देने लगे। शक होने के कारण उसने शोर मचाया जिसके बाद तीन लोग एक कार में बैठकर भाग गए जबकि एक को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान वरिंदर सिंह पुत्र जगदीश निवासी राज थल हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को इसकी सूचना दी। इस व्यक्ति की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दी गई जिसमें यह व्यक्ति माफी मांगता हुई दिखाई दे रहा है। पुलिस ने कहा कि अभी जांच जारी है।