बस ने बाइक सवार को कुचला, मौत
बरनाला। बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल मुख्यमार्ग पर एक सरकारी बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। नतीजतन बाइक सवार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जसपाल सिंह उर्फ भोला सिंह पुत्र तरसेम सिंह निवासी झोरडां अपने बाइक पर हंडियाया से बठिंडा टी प्वाइंट की तरफ जा रहा था। जिसको कथित तौर पर गलत साइड से तेजी से आ रही एक सरकारी बस ने कुचल डाला। नतीजतन बाइक सवार जसपाल सिंह की दोनों टांगें कुचली गईं और सिर में गंभीर चोटें लगीं। जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे राजिंदरा अस्पताल पटियाला के लिए रैफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। थाना सिटी 2 के सब इंस्पेक्टर साधा सिंह मल्ली ने बताया कि मृतक का परिजनों के बयान पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।