अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बंद घर के ताले तोड़ गहने और नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 208 ग्राम सोने और 520 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान मोहल्ला पीरूबंदा निवासी नरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। वहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि कुछ दिन पहले मोहल्ला पीरूबंदा की रहने वाली मधु ने पुलिस के पास शिकायत दी थी कि उनकी बेटी प्रियंका अपने परिवार के साथ समारोह में हिस्सा लेने गई थी। उन्होंने घर के ताले लगा दिए थे। समारोह खत्म होने के बाद प्रियंका का परिवार मधु के घर चला गया। इसी दौरान पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़कर जेवर, मोबाइल और नकदी चुरा ली थी। जब अगले दिन प्रियंका घर पहुंची तो घर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। अलमारी में पड़े जेवरात गायब थे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर थाना सलेम टाबरी पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एडीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नरिंदर ने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से जेवर और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नरिंदर के खिलाफ पहले भी कई लूटपाट और चोरी के मामले कई थानों में दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रही है कि उसके साथ गिरोह में कितने लोग शामिल है और वह कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।