पचास हजार का लालच दे करवाई थी सास की हत्या
बहू से घर पर मिलने आने वालों का विरोध करती थी सुरजीत कौर
तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। टिब्बा रोड की रहने वाले ज्योति ने पचास हजार रुपये का लालच देकर अपनी सहेली बरखा और उसके उसके पुरुष मित्रराजवीर सिंह से सास की हत्या करवाई थी। इस बात का खुलासा ज्योति ने पुलिस पूछताछ में किया। पुलिस ने मामले में आरोपी बहू ज्योति, उसकी सहेली बरखा और राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी 4 राजवीर सिंह बोपाराय ने बताया कि ज्योति अक्सर घर के बाहर ही रहती थी और जब घर होती थी, तब उसे कोई न कोई मिलने वाला आता-जाता रहता था। यह बात ज्योति की सास सुरजीत कौर को पसंद नहीं थी। इसलिए वह अक्सर रोक टोक करती थी और उसे समझाती थी कि वह सुधर जाए। यह बात ज्योति को अच्छी नहीं लगती थी। इसलिए दोनों में अक्सर झगड़े होते थे। फिर ज्योति ने अपनी सास को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
उसने अपनी सहले बरखा और उसके पुरुष मित्र राजबीर को संग मिला लिया। उसने राजबीर को लालच दिया था कि उसे वारदात के 50 हजार रुपये देगी और बरखा को कहा था कि जो भी उसकी सास के पास गहने हैं, वह उसे दे देगी। इसी लालच में आकर बरखा और राजबीर ने सुरजीत कौर की लोहे की रॉड से हत्या कर दी।