बैंस ने खरीदा था चिट्टा, पुलिस की तलाशी मुहिम
एक संदिग्ध युवक को किया काबू, की जा रही है जांच
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने कुछ दिन पहले फेसबुक पर लाइव होकर घोड़ा कालोनी इलाके से खरीदे गए नशे के बाद पुलिस नींद से जागी है। शनिवार की शाम को एडीसीपी क्राइम जगतप्रीत सिंह, एसीपी क्राइम अनिल कुमार कोहली की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने घोड़ा कालोनी को घेर लिया। पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
एसीपी क्राइम अनिल कुमार कोहली ने बताया कि शनिवार की शाम को सीआईए वन और टू के साथ साथ एंटी नारकोटिक्स विभाग, थाना मोती नगर की पुलिस ने वहां हर घर और हर दुकान की तो तलाशी ली ही साथ ही हर झुग्गी झौंपड़ी की भी तलाशी ली, लेकिन पुलिस को कुछ खास नहीं मिला। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
उल्लेखनीय है कि विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने कुछ दिन पहले घोड़ा कालोनी इलाके में फेसबुक पर लाइव होकर अपने साथी से 12 सौ रुपये की चार पैकेट चिट्टा मंगवाकर पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल के पास पहुंच गए, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया।