चोरों ने दुकान पर बोला धावा, गहने चुराए
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हथियारों से लैस 12 चोरों ने संधू नगर स्थित शॉप को अपना निशाना बनाया। शटर के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे। जब चोर मेन तिजोरी का ताला तोड़ रहे थे तो दुकान के पीछे रह रहा किराएदार आवाज सुनकर बाहर देखने के लिए आया तो चोरों ने किराएदार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। वह किसी तरह अपनी जान बचाते हुए घर के अंदर चला गया और बाकी लोगों को उठाया। उसके बाहर आने तक सभी चोर फरार हो गए। घटना में किराएदार साहिब के सिर पर पत्थर लगा और वह घायल हो गया। चोर दुकान से आठ हजार कैश, एक लाख के चांदी के बर्तन, मूर्तियां, सोने की बालियां, एलईडी चुराकर ले गए। शॉप के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। चोर जाते हुए उसका डीवीआर सिस्टम भी उठा ले गए। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की रिकार्डिंग आई है। इसके अलावा कुछ दूरी पर एक और दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की गई लेकिन वह नाकाम रहे।