राखी बांध आ रही महिला की बस से कुचल कर मौत
आगे निकलने की होड़ ने ली जान, लोगों ने बस घेर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। भाई को राखी बांध कर बस से उतरने के बाद सड़क पार कर रही एक बहन को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। इस हादसे में रोष में आए लोगों ने बस चालक के खिलाफ प्रदर्शन किया। बस का ड्राइवर बस छोड़ कर फरार हो गया। जगरांव के गांव मलक निवासी सुरिंदर कौर अपने लुधियाना में रहने वाले भाई को राखी बांध कर शाम करीब छह बजे बस से स्थानीय मलक चौक उतरी थी। इसी दौरान गांव जाने के लिए वह सड़क क्रास करने लगी।सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी और कुचल दिया। इससे सुरिंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों के अनुसार पहले निकली बस के मुकाबले आगे निकलने की होड़ में बस की रफ्तर चौक होने के बावजूद ज्यादा थी। इससे यह हादसा हुआ। पुलिस चौकी बस स्टैंड के इंचार्ज तरसेम लाल मौके पर पहुंचे तो लोगों ने इसका विरोध किया और बस चालक को काबू करने की मांग की।पुलिस ने लोगों को किसी तरह से समझाया और आश्वासन दिया कि जल्द ही बस चालक को काबू कर लिया जाएगा।