एलपीजी गैस निकालकर ऑटो वालों को था बेचता, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी व सिलिंडरों से गैस निकालकर गैस चलित ऑटो वालों को बेचने वाले पर थाना डाबा ने रेड की। पुलिस ने उसके कब्जे से दो घरेलू गैस सिलिंडर, इलेक्ट्रॉनिक कंडा, गैस निकालने वाली मशीन और पाइप बरामद की है। आरोपी का नाम बलराज सिंह है, वह साहिबजादा फतेह सिंह नगर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना डाबा में तैनात सब इंस्पेक्टर जगजीत सिंह व उनकी टीम ने की। जगजीत सिंह को सूचना मिली कि आरोपी अपनी दुकान पर घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करता है। यही नहीं वह घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर ऑटो वालों को बेचता है। वह लोग इस गैस को एलपीजी गैस चलित ऑटो में इस्तेमाल करते हैं। इस पर पुलिस ने रेड कर आरोपी को काबू कर 2 गैस सिलिंडर (जिसमें एक खाली और दूसरा भरा हुआ था), पाइप और दूसरा सामान बरामद किया है। आरोपी पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।