बठिंडा। हत्या के मामले में गिरफ्तार किए आरोपी ने रविवार को सिविल अस्पताल से भगाने का प्रयास किया। पुलिस उसे अदालत में पेश करने से पहले उसका मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। सिविल अस्पताल चौकी पुलिस की मदद से आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी बीड़ तलाब बस्ती को अस्पताल के अंदर से गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल कचहरी चौकी के एसआई बलवंत सिंह ने शनिवार शाम को मिनी सचिवालय के पास से आरोपित मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनप्रीत सिंह मिनी सचिवालय के पास खड़ा था। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी भगाने लगा। पुलिस को शक होने पर जब उसका पीछा कर उसे स्थानीय पोस्ट आफिस के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी ली गई, तो 9 एमएम की पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए, जिसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनप्रीत सिंह पर चंडीगढ़ में हत्या का मामला दर्ज है, जिसमें वह भगोड़ा चल रहा है। रविवार को जब उसे अदालत में पेश करने से पहले उसका मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, तो वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा कर उसे अस्पताल में बने शवगृह के पास से काबू कर लिया ।