ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने की अवैध वसूली
साहनेवाल चौक से निकलने वाले ट्राला ड्राइवर से ली एंट्री फीस
ट्राला ड्राइवर ने थाना साहनेवाल की पुलिस को दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। साहनेवाल चौक पर खड़ी ट्रैफिक पुलिस के मुलाजिम बड़ी गाड़ियों से अवैध वसूली कर रहे है। शुक्रवार को एक मुलाजिम ने 18 टायर वाले तीन ट्राला से एंट्री फीस के नाम से ड्राइवरों से 1800 रुपये रिश्वत के ले लिए। एक ड्राइवर ने इस संबंध में थाना साहनेवाल में शिकायत की है। ड्राइवर का कहना है कि उसे मुलाजिम का नाम नहीं पता, मगर सामने आने पर वह उसे पहचान सकता है। इसके अलावा जहां मुलाजिम ने उससे पैसे लिए थे, स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरे लगे थे। घटना उस सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसने पुलिस को इस बारे में बता दिया है, अभी तक पुलिस ने फुटेज चैक नहीं की है।
ड्राइवर गुरजंट सिंह ने बताया कि वह फिरोजपुर के गांव जोक का रहने वाला है। वह फिरोजपुर की एक फर्म से स्क्रैप लोड कर गोबिंदगढ़ छोड़ने जा रहा था। कंपनी के तीन ट्राले थे। डेहलों रोड से होते हुए साहनेवाल चौक के पास पहुंचे तो सामने एक गाड़ी में चार पुलिस मुलाजिम बैठे थे। उन्होंने उसे रोक लिया। तीन मुलाजिमों ने ट्रैफिक की वर्दी पहनी थी। एक ने खाकी वर्दी डाली हुई थी।
उनमें से ट्रैफिक पुलिस का एक मुलाजिम उसके पास आया और एंट्री फीस के नाम पर पैसों की मांग करने लगा। पहले उसने पैसे ज्यादा मांगे। फिर 600 रुपए एक ट्रक के तय हुए। उनके पास तीन ट्रक थे उन्होंने कुल 1800 रुपये उक्त ट्रैफिक पुलिस के मुलाजिम को दे दिए, जिसमें तीन नोट 500 के थे और तीन नोट 100 के थे। पैसे लेने के बाद मुलाजिम अपने गाड़ी के पास गया और बाकी मुलाजिमों के साथ वहां से निकल गया।
ड्राइवर गुरजंट सिंह का कहना है कि वह फैक्टरी पहुंचा तो मालिकों का सारी बात बताई। इसके बाद उन्होंने थाना साहनेवाल की पुलिस को इसकी शिकायत की है। गुरजंट के मुताबिक, जहां ट्रैफिक पुलिस ने उससे पैसे पकड़े थे। वहां कुछ दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस उस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चैक करें तो सारी सच्चाई सामने आ सकती है।
क्या कहते है पुलिस कमिश्नर
ये गंभीर मामला है। इसकी जांच करवाई जाएगी। एडीसीपी ट्रैफिक को इसकी जांच के लिए कहा गया है। आरोप सही साबित हुए तो पुलिस मुलाजिमों पर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. सुखचैन सिंह गिल, पुलिस कमिश्नर लुधियाना