200 ग्राम हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
दोनों आरोपी चार दिन के पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दिल्ली से हेरोइन लाकर महानगर के अलग अलग हिस्सों में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। डेहलों के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी एक्टिवा पर हेरोइन सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। आरोपी सुखदीप सिंह और लक्ष्मी सिंह उर्फ मुस्कान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
एसटीएफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी काफी समय से मिलकर हेरोइन तस्करी कर रहे हैं। दोनों दिल्ली और साहनेवाल के एरिया से हेरोइन की खेप लेकर आगे सप्लाई करते थे। दोनों इकट्ठे दिल्ली जाते थे और हेरोइन लेकर आते थे। महिला तस्कर मुस्कान का पति दीपक पहले ही नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। आरोपी सुक्खा के खिलाफ भी पहले मामला दर्ज हुआ था और वह काफी समय जेल में रहकर आया था। इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नशा तस्करी के तार कहीं जेल से तो नहीं जुड़े। कहीं मुस्कान का पति दीपक उन्हें जेल से ही आदेश देता हो कि कहां से हेरोइन लाकर कहां सप्लाई देनी है।