फर्जी दस्तावेज के सहारे फौज में हुए भर्ती, तीस पर केस दर्ज
आरोपी 2014 से 2018 के बीच हुए थे फौज में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। 2014 से 2018 के बीच फर्जी दस्तावेजों के सहारे फौज में भर्ती होने वाले तीस उम्मीदवारों के खिलाफ डिविजन पांच की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह मामला डायरेक्टर रिक्रूटिंग कर्नल विशाल दूबे की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
पुलिस के पास दर्ज करवाई गई शिकायत में कर्नल दूबे ने बताया कि तीस उम्मीदवार 2014 से 2018 के बीच फर्जी दस्तावेजों के सहारे स्थानीय भर्ती दफ्तर के जरिए भारतीय फौज में भर्ती हुए थे। इन की तरफ से भर्ती के दौरान पेश किए गए रिहायश सर्टिफिकेट फर्जी पाए गए हैं। इस संबंधी फौज अधिकारियों ने सबूत पुख्ता कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला दर्ज करवाने का मकसद है कि भविष्य में ऐसे उम्मीदवारों को डर रहे कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे भर्ती होने वाले किसी हाल में बक्शे नहीं जाएंगे।
इस मामले में रुप नगर लियर माजरा निवासी मनजिंदर सिंह, शिमलापुरी निवासी गुरविंदर सिंह, लोहारा निवासी प्रदीप सिंह, मिल्लरगंज निवासी सतपाल सिंह, जमालपुर स्थित रमनदीप कालोनी निवासी जगदीप सिंह, एसएएस नगर रानी माजरा निवासी रोहित कुमार, घंटाघर निवासी जगपाल सिंह, कोट मंगल सिंह निवासी मलकीत सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरपाल नगर निवासी राजेश सिंह, घंटाघर निवासी मंदीप सिंह, गुरपाल नगर निवासी विजय कुमार, माता रानी चौक निवासी संजय सिंह, कोट मंगल सिंह निवासी किरशनवीर सिंह, सन्नी सिंह, अमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, बिट्टू सिंह, विक्रम सिंह, अमित, आनंदपुर साहिब निवासी परमजीत सिंह, राहुल सिंह, विकास सिंह, जसवंत सिंह, सुशील सिंह, मोगा निवासी जगदीप सिंह, टिंकू सिंह, फांबड़ा निवासी सोनू सिंह, विजय सिंह और प्रवीन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।