बैंक को गुमराह कर लोन पर लिए पांच ट्रैक्टर
मैनेजर की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
लोन वापस नहीं किया और ट्रैक्टर बेच दिए : मैनेजर
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी गोबिंदगढ़।
पोस्ट आफिस रोड स्थित इंड्सइंड बैंक से करीब साढ़े 31 लाख रुपयों के पांच ट्रैक्टर लोन लेकर पैसा वापस न करने के आरोप में मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस ने नौ लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामला इंड्सइंड बैंक के मैनेजर जीवन शर्मा के बयान पर दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान राजदीप सिंह, मनदीप सिंह, जगतार सिंह, सुखविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, भक्त राम, मनिंदर सिंह, हरभजन सिंह और विशांत दीक्षित के तौर पर हुई है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच एएसआई केवल सिंह कर रहे हैं।
बैंक मैनेजर जीवन शर्मा ने बताया कि पिछले साल इन लोगों ने गिल ट्रैक्टर समराला रोड खन्ना नामक एजेंसी से इंडसइंड बैंक से करीब 31 लाख 41 हजार 148 रुपयों का लोन लेकर पांच हालैंड मार्का ट्रैक्टर खरीदे थे। ट्रैक्टर खरीदने के बाद किसी ने भी बैंक के नियम शर्त के मुताबिक लोन का पैसा वापस नहीं किया और न ही इन लोगों के पास ट्रैक्टर हैं। आरोपियों ने एजेंसी मालिक के साथ मिलीभगत से बैंक को गुमराह करके पांचों ट्रैक्टरों की चैसी नंबर बदलकर कर उन्हें आगे बेच दिया है। इसकी जानकारी उनकी बैंक टीम ने पूरी जांच के बाद दी है। मैनेजर जीवन शर्मा ने बताया कि डीलर नवदीप सिंह, राजदीप सिंह और उनके सेल्समैन जगतार सिंह ने बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। मैनेजर ने दावा किया है कि आरोपियों ने अकेले बैंक से ऐसा लोन नहीं लिया बाकी बैंकों के साथ भी इन लोगों ने लोन के नाम पर ठगी की है।
फोटो कैप्शन: 23जीबीजीपी05: बैंक की फोटो साथ जोड़ लें।