नशे के लिए करते थे लूटपाट
आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन और बाइक बरामद
सभी आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नशा खरीदने के लिए पैसे पूरे न होने पर कुछ युवकों ने बाइक पर सवार होकर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देना शुरु कर दिया। आरोपी उस समय सीआईए वन की पुलिस के हाथ लग गए जब वह वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों को डाबा चौक के पास नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 21 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में गिल कालोनी निवासी प्रदीप कुमार, लोहारा कालोनी निवासी रेशम सिंह, न्यू गिल मार्केट निवासी जगरूप सिंह व शिमलापुरी स्थित सतगुरु नगर निवासी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
जांच अधिकारी कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस पार्टी ने टी प्वाइंट डाबा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी को सूचना मिली कि आरोपी बाइक पर सवार होकर गुजर रहे है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी फैक्ट्रियों में काम करते है और नशा करने के आदी है। किसी के पास भी नशा करने के लिए पैसे नहीं होते थे। आरोपी हथियारों के बल पर राहगीरों और प्रवासी मजदूरों से मोबाइल लूटपाट कर उसे आगे बेच देते थे। मोबाइल फोन बेचने के बाद जो पैसे मिलते थे आरोपी उससे नशा खरीद कर उसका सेवन करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक इलाके में कितनी वारदात की है।