‘जज को 35 लाख देने की ऑडियो क्लिप की हो जांच’
दोनों विधायक बैंस बंधुओं ने कहा-अन्यथा हाईकोर्ट में पीआईएल करेंगे दायर
मामले में डेढ़ महीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
लोक इंसाफ पार्टी के नेता और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस व उनके भाई विधायक बलविंदर सिंह बैंस ने आरोप लगाया कि डेढ़ महीने पहले उन्होंने चंडीगढ़ विधानसभा सेशन के दौरान जो ऑडियो क्लिप मीडिया के सामने पेश की थी। उसकी न तो आज तक न ही सरकार ने और न ही न्याय पालिका ने कोई जांच कराई। उन्होंने मांग की है कि आने वाले एक महीने में अगर ऑडियो की जांच नहीं की जाती तो लोक इंसाफ पार्टी इस संबंधी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पीआईएल दायर करेगी। ताकि दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि पिछले दिन चीफ जस्टिस के खिलाफ चार जजों ने जो मामला उठाया है उससे साफ हो गया है कि लोकतंत्र को खतरा है। जबकि उन्होंने डेढ़ महीना पहले ही एक ऑडियो पेश करते हुए कहा कि इस ऑडियो में दो व्यक्ति बात कर रहे थे और उसमें राज्य के मुख्यमंत्री का नाम भी आ रहा था। दोनों व्यक्ति की बात के अनुसार एक जज को 35 लाख रुपये देने की बात भी बताई गई थी। आवाज से जाहिर है कि एक व्यक्ति की तरफ से जूडिशियली के नाम पर रिश्वत लेने की बात सामने आई थी। बैंस ने कहा कि ऑडियो पेश करने के बाद वह खुद और विरोधी पक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा भी पंजाब और हरियाणा के चीफ जस्टिल के साथ मुलाकात कर इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी, लेकिन डेढ़ महीना बीतने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई न करना अपने आप में सवाल खड़े कर रहा है। जब कि इस मामले में सीधे तौर पर राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम आ रहा है। बैंस ने कहा कि जहां तक एक तरफ राज्य भर में विधानसभा का हाल बेहद खराब है वहीं कार्यपालिका में भी हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। दूसरी तरफ देश की न्याय पालिका में भी कई दलाल किस्म के लोग पैसे लेकर अनेक ऐसे काम करवा रहे है। जिसके साथ न्याय पालिका का नाम बदनाम हो रहा है। जिसकी बारीकि के साथ जांच होनी चाहिए। बैंस ने कहा कि अगर एक महीने में इस मामले संबंधी जांच न करवाई गई तो वह पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पीआईएल दायर करेंगे और जिससे सारा सच सामने आ जाएगा। इस मौके पर पार्षद रंजीत सिंह बिट्टू, सुरिंदर गरेवाल, विपन सूद काका, रणधीर सिंह सीबिया, जतिंदर पाल सिंह सलूजा सहित अन्य लोग हाजिर थे।