करियाना दुकान की आड़ में नशा तस्करी
आरोपी पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा से गांजा मंगवाकर करता था सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
करियाने की दुकान की आड़ में नशा तस्करी करने वाले एक आरोपी को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को फोकल प्वाइंट स्थित यार्ड चौक के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो क्विंटल गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने मामले में गांव हरनामपुरा के रहने वाले ऊमा शंकर (36) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है। एसटीएफ के लुधियाना इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि टीम ने फोकल प्वाइंट यार्ड चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी रेहड़े पर गांजा ले जा रहा था। किसी को बोरियों के बारे में पता न चले इसके लिए आरोपी ने बोरियों के ऊपर काले रंग का लिफाफा चढ़ा रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी की गांव में करियाने की दुकान है। आरोपी दुकान की आड़ में नशे का धंधा करता था। वह अपने गांव के अलावा आसपास भी गांजा सप्लाई करता था। वह पिछले काफी समय से गांजा सप्लाई करने का धंधा करता था। आरोपी पश्चिम बंगाल के साथ साथ त्रिपुरा से भी गांजा लाकर सप्लाई करता था।