जेल में बंद तीन कैदियों से मोबाइल बरामद
आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
जेल प्रशासन ने तीन कैदियों से मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने हठूर के गांव लम्मे निवासी हवालताती सुखप्रीत सिंह, बसंत नगर के कैदी जोरा सिंह और मध्य प्रदेश के भातपुर निवासी राकेश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना डिविजन सात की पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी में जुटी है। सहायक सुपरिंटेंडेंट परविंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपियों के सामान की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से फोन बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों से फोन के बारे में पूछताछ की, लेकिन आरोपी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। परविंदर सिंह के मुताबिक आरोपी सुखप्रीत हत्या के प्रयास में हवालाती हैं। जोरा सिंह और राकेश सिंह नशा तस्करी के आरोप में सजा काट रहे हैं। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपियों से मुलाकात करने आने वालों की लिस्ट तैयार की जा रही है।