अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। ग्यासपुरा के मोहल्ला हरगोबिंद नगर इलाके में दो दिन पहले देर रात को दीवार फांदकर एक दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के साठ मोबाइल बरामद हुए हैं। मोबाइल के साथ-साथ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गैस कटर, लोहे की रॉड व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी का एक साथी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान उत्तरप्रदेश के जिला प्रतापगढ़ स्थित गांव ट्यूमा सिटी निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस रंजीत से पूछताछ कर उसके साथी जतिंदर उर्फ साजन का पता लगा रही है।