लूट की योजना बनाते हुए पांच गिरफ्तार
चोरी और लूट का सामान भारी मात्रा में बरामद
सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
हथियारों के बल पर लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को थाना पीएयू की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को बाड़ेवाल रोड स्थित शमशानघाट में उस समय गिरफ्तार किया जब आरोपी लूटपाट की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, घरेलू सामान, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में वर्धमान के पास स्थित आर्दश नगर के रहने वाले विकास पांडे, टिब्बा रोड की दौलत कालोनी के रहने वाले मोहम्मद प्रवेज उर्फ मिंटू, शेरपुर के रहने वाले राजिंदर प्रसाद उर्फ पप्पू, दुर्गापुरी के रहने वाले नरिंदर सिंह उर्फ घुंगरु व अमित कुमार उर्फ आकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसीपी सराभा नगर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लूटपाट के आदी है और शमशानघाट में बैठ कर लूट की योजना बना रहे है। पुलिस ने वहां छापामारी कर आरोपियों की घेराबंदी कर ली। आरोपियों ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से पांच एलसीडी, कंप्यूटर, 45 हजार रुपये की नकदी, कनाडा और यूएस की करंसी, गैस सिलेंडर के साथ साथ कई सामान बरामद किए है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महानगर में पचास के करीब वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी लूट या पिर चोरी करने से पहले रैकी करते थे। सभी आरोपी उत्तरप्रदेश और बिहार के अलग अलग शहरों में रहने वाले है। सभी आरोपी नशा करने के आदी है। नशापूर्ति के लिए ही वह देर रात को घरों में घुस चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के सामान को सस्ते भाव में बेच कर उससे नशा खरीद करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।