नाबालिग से पड़ोसी ने की दुष्कर्म की कोशिश
लुधियाना। थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत किराए के मकान में रहने वाली नाबालिग को घर में अकेली देख पड़ोसी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा डाल दिया ताकि वह चिल्ला न सके। किसी तरह से नाबालिग ने खुद को बचाया और शोर मचाया। शोर मचता देख आरोपी पास ही की फैक्टरी में काम करता है, वहां पहुंच गया। जब नाबालिग के भाइयों और अन्य रिश्तेदारों को पता चला तो वह फैक्टरी पहुंच गए। युवक को बाहर निकाल कर खूब पिटाई की गई। सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी एएसआई राज कुमार ने बताया कि अभी किसी ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।